अयोध्या की रामलीला में नजर आएंगे बड़े सितारे, माता शबरी की भूमिका निभाएंगी मालिनी अवस्थी

प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री से अलंकृत मालिनी अवस्थी अयोध्या की रामलीला में शबरी के किरदार में नजर आएंगी। हाल ही में मालिनी अवस्थी ने राम कथा पार्क में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के सम्मुख भगवान राम की अनन्य उपासिका शबरी पर केंद्रित अवधी गीत भी प्रस्तुत किया था। राष्ट्रपति ने गीत के लिए उनकी प्रशंसा कर उन्हें बहन कहकर भी संबोधित किया था। उधर, शुक्रवार को अयोध्या की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष बाबी ने संस्कृति मंत्री डा.नीलकंठ तिवारी को शुभारंभ के लिए निमंत्रित किया। साथ ही उन्हें सभी तैयारियों से अवगत भी कराया। 

अयोध्या की रामलीला का मंच इस बार 130 फीट का होगा। लंका अलग से 60 फीट की बनाई जा रही है। लीला को भव्य रूप देते हुए इस वर्ष कुंभकरण वध, लंका दहन तथा रावण वध को और भी दर्शनीय बनाया जाएगा। अयोध्या की रामलीला में नये रंग भरते हुए राक्षस युद्धों को मुंबई के फाइट मास्टर इस तरह पेश करेंगे कि लगेगा हवा में युद्ध हो रहा है। रामलीला का प्रसारण सोशल मीडिया और दूरदर्शन पर छह से 15 अक्टूबर तक शाम सात से रात 10 बजे तक लाइव होगा। रामलीलास्थल पर दर्शकों को अनुमति नहीं होगी। मेरी मां फाउंडेशन द्वारा आयोजित अयोध्या की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बाबी ने बताया कि सांसद व भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी कई भूमिकाएं अदा करेंगे।

भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन परशुराम बनेंगे। बिंदु दारा सिंह हनुमान और एक फिल्म में नरेन्द्र मोदी की भूमिका निभाने वाले कैप्टन राज माथुर भरत और शहबाज खान रावण के किरदार में नजर आएंगे। हास्य कलाकार असरानी नारद मुनि तो रजा मुराद कुंभकरण और शक्ति कपूर अहिरावण के किरदार में नजर आएंगे। अन्य महिला चरित्रों में शीबा खान मंदोदरी व अमिता नांगिया कैकयी बनेंगी। राकेश बेदी बाली व अवतार गिल विभीषण का चरित्र निभाने मंच पर उतरेंगे। संस्कृति मंत्री से मुलाकात के मौके पर अमित कुमार, नितिन शर्मा, दिनेश फुलारा, अमित साहनी, प्रदीप अग्रवाल, संदीप गोयल, अजय बजाड़, अजीत कटारिया, दिनेश डागर व अक्षय गोयल मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post