दो बेटियों पर मां की हत्या का आरोप

कोलकाता  : दिनाजपुर जिला अंतर्गत रायगंज में एक वृद्धा की हत्या के आरोप में लोगों ने उसकी दो बेटियों की जमकर धुनाई कर दी। घटना शुक्रवार रात की है। शनिवार को पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। दोनों लड़कियों का नाम श्रेया और रितिका है। मारने-पीटने के बाद लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि वृद्धा को दोनों बेटियां रोजाना मारती थीं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह रायगंज नगरपालिका के 25 नंबर वार्ड अंतर्गत देवीनगर ग्वालपाड़ा के तालाब से कल्पना दे नाम की एक वृद्धा का शव बरामद किया गया था। वह सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बहार निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया । इधर शुक्रवार देर शाम मृतक की दोनों बेटियां देवीनगर स्थित अपने घर लौटी थीं। लोगों ने दोनों से उनकी मां के बारे में पूछा। दोनों ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनकी मां कहां है। इन लोगों ने बताया कि अष्टमी के दिन से वे लापता है और शायद मामा के घर गई होंगी यही सोचकर उनकी खोज खबर लेने की जहमत इन दोनों ने नहीं उठाई है। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इन्हें पकड़कर महिलाओं ने मारना पीटना शुरू कर दिया। 
लोगों ने बताया कि रोजाना दोनों बेटियां अपनी मां को पीटती थीं। करीब एक सप्ताह से उनकी मां लापता थी लेकिन इन लोगों ने यह भी पता नहीं लगाया कि वह मामा के घर गई है या कहीं और। लोगों का कहना है कि दोनों ने मिलकर मां की हत्या की है और देवीनगर के तालाब में ले जाकर शव को ठिकाने लगा दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
Previous Post Next Post