कोलकाता: भीषण गर्मी के बीच राज्य में मौसम ने राहत के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के पांच जिलों में कालबैशाखी (आंधी-तूफान) के साथ तेज बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं और वज्रपात भी हो सकता है। गुरुवार को भी राज्य के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस वर्ष फरवरी से ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों को सुबह के समय भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश से कुछ राहत मिल रही है।
पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के पांच जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना है। शनिवार को भी पुरुलिया, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पश्चिम बर्धमान के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
वहीं, कोलकाता समेत अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार दोपहर के बाद धीरे-धीरे मौसम में बदलाव आएगा और स्थिति सामान्य होने लगेगी। फिलहाल लोगों को वज्रपात और तेज हवाओं के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Post a Comment