राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने दी रामनवमी की शुभकामनाएं


नई दिल्ली/कोलकाता : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामनवमी के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राम को सत्य और पराक्रम का संगम बताया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में देशवासियों को रामनवमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार हमें न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन से त्याग, समरसता और आदर्श जीवन-मूल्यों का अनमोल संदेश मिलता है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम रामराज्य की परिकल्पना के अनुरूप, एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलजुल कर कार्य करें।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव, 'रामनवमी' के पर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धैर्य, त्याग और न्यायप्रियता के प्रतीक भगवान राम का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए न्याय, सत्य और अटूट मर्यादा का सर्वोच्च आदर्श है। उनके आदर्श हमें सामाजिक समरसता, सदाचार और जनसेवा के मार्ग पर युगों-युगों तक अग्रसर रहने की प्रेरणा देते रहेंगे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि भगवान राम की कृपा से अधर्म पर धर्म की विजय हो, समाज से अनाचार, अहंकार और अशांति का सर्वनाश होकर एक बेहतर समाज का निर्माण हो। उन्होंने राष्ट्र के निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहने की मंगलकामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि देशभर के परिवारजनों को रामनवमी की शुभकामनाएं। त्याग, तप और संयम से भरे मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से हमें हर परिस्थिति का पूरे सामर्थ्य से सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श अनंतकाल तक भारतवासियों के साथ-साथ संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने देश के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि भगवान राम की कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त हो।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर राम नवमी के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी को इस पावन अवसर की बधाई देते हुए कहा कि वह राम नवमी के उत्सव के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की कामना करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के मूल्यों को बनाए रखें और उन्हें आगे बढ़ाएं। ममता बनर्जी ने अपने संदेश के जरिए राज्य में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post