मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राज्यसभा जाने का ऐलान


पटना: नीतीश कुमार ने बिहार के सियासी अटकलों पर विराम लगा दिया है। एक्स पर पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

नीतीश कुमार को भाजपा नेताओं ने दी बधाई

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए जदयू उम्मीदवार के रूप में अपने नाम का ऐलान किए जाने के बाद बिहार में सियासी सरगर्मी चरम पर है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा आधिकारिक घोषणा के बाद प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए सतत समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार के व्यापक अनुभव, संतुलित दृष्टि और जनहितकारी विचारों से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी तथा राष्ट्रहित के विषयों को नई दिशा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार का दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वास है कि जताया कि नीतीश कुमार के अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन की मजबूत परंपरा और बिहार के विकास के प्रति निरंतर समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उनके अनुभव, संतुलित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने बिहार को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और नेतृत्व से राज्यसभा में बिहार की आवाज और अधिक प्रभावशाली ढंग से उठेगी तथा देश के विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post