कोलकाता एयरपोर्ट के एटीसी भवन में लगी आग, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू


कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन में मंगलवार तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सुबह करीब 4:43 बजे एटीसी के पुराने भवन की तीसरी मंजिल की खुली बालकनी में लगी। आग और धुआं दिखाई देने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर हवाईअड्डे की दमकल सेवा की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद सुबह करीब छह बजे तक घटनास्थल पर पानी डालकर आग बुझने की पुष्टि की गई।

हवाईअड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि जिस खुले हिस्से में आग लगी, वहां एयर कंडीशनर की बाहरी इकाइयां भी मौजूद हैं। आग किस वजह से लगी, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना का विमान परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

एटीसी भवन से ही विमानों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाता है। इसलिए आग की खबर फैलते ही हवाईअड्डे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, हवाईअड्डा प्रबंधन के अनुसार आग से विमान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्वतंत्रता दिवस के लिए लगाई गई विद्युत सजावट की तार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हालांकि, आग मुख्य रूप से खुले हिस्से तक ही सीमित रही और एटीसी के महत्वपूर्ण उपकरण सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, जिस मंजिल पर आग लगी, वहां संचार प्रणाली से जुड़े उपकरण मौजूद हैं। इन्हीं प्रणालियों के माध्यम से एटीसी अधिकारी लगातार पायलटों के संपर्क में रहते हैं। हवाईअड्डा प्रबंधन के मुताबिक, इन उपकरणों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post