रक्षाबंधन पर बिहार की बहनों को तोहफा, राखी बांधने जा रही महिलाओं को नहीं देना होगा बस भाड़ा

भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन 22 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन सभी बहनें अपने प्यारे भाईयों की कलाई पर रक्षासूत बांधेंगी। परंपराओं के अनुसार इस दिन एक से बढ़कर एक राखियां भाई की कलाई की शोभा बढ़ाती है। इस बीच बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, गया ने इस बार के रक्षाबंधन पर सभी बहनों को अनोखा उपहार दिया है। यह उपहार है रक्षाबंधन के दिन मुफ्त में सिटी बस सेवा का।

गया शहर में उस दिन बहनों के लिए विशेष तौर से दो सिटी बसें चलाई जाएंगी। इस दिन इन बसों पर चढऩे वाली महिलाओं, बेटियों को कोई भी किराया नहीं देना पड़ेगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, मगध के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर यह योजना बनी है। उस दिन गया जंक्शन से मेडिकल के रास्ते में पूरे दिन दो बसें चलेंगी। इस पर महिलाएं मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। किसी भी तरह का किराया भाड़ा नहीं लिया जाएगा।

बताया जाता है कि पिछले वर्ष भी राखी के मौके पर बिहार राज्‍य पथ परिवहन ने ये तोहफा महिलाओं और युवतियों को दिया था। केवल गया शहर में ही नहीं, बल्कि राजधानी पटना समेत अन्‍य शहरों में भी लागू की गई थी, जहां सिटी बसों का परिचालन किया जाता है।


Post a Comment

Previous Post Next Post