अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से विश्व हिंदू परिषद निधि संग्रह अभियान शुरू करेगा। 27 फरवरी तक चलने वाले अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने प्रांतीय स्तर पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति बनाई गई है। समिति में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए बुद्धिजीवीयों को निगरानी और सुझाव की जिम्मेदारी दी गई है।
बिहार में इन बुद्धिजीवियों को दी गई जिम्मेदारी
समिति में अध्यक्ष की जिम्मेदारी विहिप के बिहार प्रांत अध्यक्ष रविंद्र नारायण सिंह के अलावा उपाध्यक्ष, मंत्री, सह मंत्री और सदस्य पद का दायित्व विभिन्न क्षेत्रों जुड़े हस्तियों दी गई है। इसमें सेवानिवृत्त जज, पूर्व कुलपति, सेवानिवृत्त नौकरशाह, डॉक्टर, इंजीनियर और बड़े व्यवसायियों को भी पदधारक बनाया गया है।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी तीन लोगों को दी गई है। कारोबारी विजय जायसवाल, रिटायर पुलिस अधिकारी कृष्णदेव और आरबीआइ के रिटायर अधिकारी राजकुमार सिन्हा को बनाया गया है। मंत्री पद की जिम्मेदारी डॉ. मोहन सिंह को दी गई है। सहमंत्री पेट्रोलियम कारोबारी परशुराम कुमार को बनाया है। दूसरे सहमंत्री व्यवसायी राजकिशोर सिंह बनाए गए हैं। वहीं सदस्य पद पर हाईकोर्ट के रिटायर जज राजेंद्र कुमार, पूर्व वीसी रासबिहारी सिंह, गोपाल त्रिवेदी, रिपुसूदन श्रीवास्तव, रामचंद्र झा को सदस्य पद की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह बिहार प्रशासनिक सेवा और पुलिस सेवा से रिटायर कई अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। वेटनरी कॉलेज के निर्देशक रमण त्रिवेदी, सामाजिक कार्यकर्ता जीवेश्वर मिश्र, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास समिति के न्यासी कामेश्वर चौपाल, आइएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह भी सदस्य बनाए गए हैं।
मार्गदर्शक मंडल में धर्माचार्यो को दी गई सदस्य पद की जिम्मेदारी
निधि संग्रह अभियान के मार्गदर्शक मंडल में बिहार के विभिन्न क्षेत्र विशेष के धर्माचार्यो को सदस्य बनाया गया है। इसमें जियर स्वामी, राजाराम बाबा का केंद्र बक्सर है। सासाराम से अंजेशानंद सरस्वती, कैमूर से स्वामी रंगानाथाचार्य, नवगछिया से स्वामी अगवानंद जी महाराज, वैशाली से स्वामी रमाशंकर शास्त्री, इस्कॉन पटना से स्वामी कृपादास जी, पायलट बाबा आश्रम सासाराम के साध्वी लक्ष्मी माता, राजगीर से साध्वी प्रज्ञा, रेखा हेम्ब्रम, पटनदेवी मंदिर पटना के चंद्रभूषण मिश्र और राजगीर जापानी मंदिर के यू चोम्य को सदस्य बनाया गया है।
Post a Comment