कोरोना संकट काल में चन्दननगर से कोलकता के लिए वाटर सर्विस बस सेवा शुरू


कोरोना संकट काल में कोलकता जाने वाले यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए बुधवार से बंगाल के हुगली जिले के ऐतिहासिक शहर चन्दननगर से कोलकता के लिए एक वाटर सर्विस बस सेवा शुरू की गई। सुबह में चन्दननगर रानी घाट से इस अत्याधुनिक बस को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया गया। वाटर सर्विस बस चालू होने से कोलकाता जाने वाले कुछ दैनिक यात्रियों ने अपनी खुशी जाहिर की।

चन्दननगर नगर निगम के आयुक्त सपन कुंडु ने बताया कि सुबह आठ बजे चंदननगर रानी घाट से वाटर सर्विस बस खुलेगी, जो शेवड़ाफूली घाट होते हुए  कोलकाता के मिलेनियम पार्क पहुंचेगी। शाम पांच बजे यह बस मिलेनियम पार्क से फिर चन्दननगर के लिए रवाना होगी। चंदननगर से कोलकाता मिलेनियम पार्क जाने में इस बस को डेढ़ घंटे का समय लगेगा। जबकि एक यात्रियों को इस लग्जरी बस की सवारी करने के लिए 320 रुपये देने पड़ेंगे। 156 सीटों वाले इस बस में आज बहुत से यात्री सवार होकर अपना सफर शुरू किया।

बुधवार सुबह थर्मल स्क्रीनिंग के जरिए सर्वप्रथम यात्रियों के शारीरिक तापमान की जांच की गई। इसके बाद बारी- बारी से यात्रियों को बस में बैठाया गया। फिलहाल लाॅकडाउन पीरियड के दौरान सप्ताह में तीन दिन ही वाटर सर्विस बस की सेवा यात्रियों को मिलेगी। बस सेवा का दिन सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार निर्धारित किया गया है। बताया गया है कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद यह बस सेवा चंदन नगर से गंगासागर तक किया जाएगा। मालूम हो कि लोकल ट्रेनें बंद होने के कारण इन दिनों  कोलकता जाने वाले व्यापारियों, कामगारों, सरकारी अथवा गैर सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ADVERTISEMENT

Previous Post Next Post