पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव में TMC के दोनों गुटों में चुनाव चिन्ह को लेकर ठनी पड़ी है. इसी के चलते चुनाव आयोग (ECI) ने दोनों गुटों को गुरुवार को तलब किया है. आयोग ने रितब्रत बनर्जी गुट को गुरुवार दोपहर 3 बजे बुलाया है. जबकि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को शाम 4 बजे बुलाया गया है.
चुनाव आयोग गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न के बारे में अंतरिम आदेश जारी कर सकता है. दोनों गुटों ने एक ही चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करते हुए उम्मीदवार उतारे हैं. दरअसल, पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 6 अक्टूबर को होने हैं. आयोग ने दोनों गुटों को गुरुवार की बैठक में मौजूद रहने का निर्देश दिया है.
चुनाव आयोग के अनुसार, दोनों गुटों ने नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों के लिए अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं. दोनों ने तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक चुनाव चिह्न ‘घास पर दो फूल’ का इस्तेमाल किया है. रीताब्रता बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी TMC गुट से मोहम्मद एतेशामुल हक नंदीग्राम से और सफीउद्दीन शेख रेजीनगर से चुनाव लड़ेंगे. वहीं, ममता बनर्जी की TMC ने रविवार को नंदीग्राम के लिए संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर के लिए रबीउल आलम चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया.
यह देखना बाकी है कि चुनाव आयोग गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के इन दोनों गुटों से क्या कहता है. क्या वे तृणमूल कांग्रेस के नाम और चिन्ह को रद्द करेंगे या नहीं. पिछले हफ्ते जब आयोग ने इन दोनों गुटों को तलब किया था, तब उनसे कुछ अतिरिक्त जानकारी मांगी गई थी. दोनों तृणमूल गुटों को ये दस्तावेज गुरुवार जमा करने हैं. जानकारी मिली है कि जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग उन्हें 17 सितंबर को भी तलब कर सकता है.
नंदीग्राम लंबे समय से TMC और BJP के बीच राजनीतिक संघर्ष का केंद्र रहा है. इस इलाके में 2007 के जमीन अधिग्रहण विरोधी आंदोलन ने 2011 में ममता बनर्जी और TMC को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई थी. 2021 में, ममता ने यहां से सुवेंदु अधिकारी, के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गईं. BJP में शामिल होने के बाद, सुवेंदु अधिकारी TMC के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरे और बंगाल के मुख्यमंत्री हैं.

Post a Comment