दक्षिण 24 परगना: जिले के बारुईपुर इलाके में एक 12 वर्षीय नाबालिका के साथ बलात्कार कर हत्या करने का आरोप लगा है। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक तालाब से उसका शव बरामद किया गया। रविवार सुबह इस घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपित को हिरासत में लिया है। बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके में नाबालिका का शव मिला।
परिवार के अनुसार, वह शनिवार शाम चार बजे से लापता थी। खाना खरीदने का बहाना बनाकर वह घर से निकली थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि चार युवकों ने उसे उठा लिया था। रविवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।
रविवार सुबह से सूर्यपुर हाट इलाके में माहौल गरम है। गुस्साई भीड़ ने शव को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर बारुईपुर थाने की पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों ने प्रभास मंडल नामक एक आरोपित को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी आरोपितों की तलाश में पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बरुईपुर की घटना पर किया दु:ख व्यक्त
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रविवार को बर्नपुर एथलेटिक क्लब में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिये आसनसोल पहुंची। कार्यक्रम में राधानगर एथलेटिक क्लब की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने तृणमूल के अंदरूनी कलह पर निशाना साधा। उन्होंने बरुईपुर की नाबालिग हत्याकांड तथा महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा। तृणमूल में कथित गुटबाजी को लेकर कहा कि अब पार्टी पहले जैसी नहीं रही।
उन्होंने दावा किया कि यदि भविष्य में तृणमूल कांग्रेस के अलग-अलग गुट निर्वाचन आयोग के सामने अपनी-अपनी दावेदारी भी पेश करते हैं, तब भी इससे कोई विशेष फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि पार्टी पूरी तरह बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि तृणमूल के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है और पार्टी कई हिस्सों में बंट चुकी है।
बरुईपुर में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ होने वाले अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह ''जीरो टॉलरेंस'' की है। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा को शासन का अवसर दिया है। भाजपा इस विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी। बरुईपुर मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment