कोलकाता: दक्षिण बंगाल में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कोलकाता सहित पूरे क्षेत्र में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आगामी मंगलवार तक पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है।
रविवार और सोमवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं उत्तर बंगाल के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के बावजूद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
शनिवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। इससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
अगले 24 घंटे में दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में कालबैसाखी की संभावना जताई गई है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
रविवार को बारिश और हवाओं की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। सोमवार को कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
मंगलवार को भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
.jpg)
Post a Comment