आज बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह जारी है. राजधानी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. यह पहला अवसर है जब बंगाल में बीजेपी की सरकार बन रही है और ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है.
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेता शिरकत कर रहे हैं. वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं.
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया. नई सरकार बनने के साथ ही राज्य में शुभेंदु युग की शुरुआत हो गई. इस यादगार पल की गवाह बंगाल की जनता बनी.
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत कई नेताओं ने शिरकत की. कार्यक्रम में एनडीए शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. यूपी के सीएम योगी, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत कई सीएम कार्यक्रम में पहुंचे. इसके साथ ही कई सांसद और विधायक भी शामिल हुए.
इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वाहन में सवार होकर शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे. इस दौरान उनके साथ शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे. खास बात ये है कि शुभेंदु अधिकारी इस खास मौके पर पूरी तरह से भगवा रंग में रंगे नजर आए. उन्होंने गेरुए रंग के कपड़े पहने थे. इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए समारोह में भारी तादाद में बीजेपी समर्थक और कार्यकर्ता पहुंचे. पीएम मोदी ने अपने वाहन से हाथ हिलाकर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया.
बीजेपी ने शपथ ग्रहण के लिए 9 मई का दिन चुना है, इस दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है. मंच पर पहुंच कर पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
इसके बाद वो पल आया जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार थे. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन.रवि ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. सीएम पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने पीएम मोदी के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दी.
शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही 5 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक के नाम शामिल हैं. अधिकारी के बाद दूसरे नंबर पर दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली. शपथ लेने के बाद सभी ने पीएम मोदी समेत सभी नेताओं का आभार जताया. पश्चिम बंगाल की नई सरकार में ब्राह्नमण, महिला, आदिवासी, और मातुआ सभी को जगह दी गई है.

Post a Comment