कोलकाता: बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चुनाव आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती की है।
मंगलवार को आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान के लिए राज्य के विभिन्न जिलों और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में कुल दो हजार 343 कंपनियां केंद्रीय बल तैनात की गई हैं।
तैनाती की सूची के अनुसार, सबसे अधिक 274 कंपनियां केंद्रीय बल की तैनाती कोलकाता पुलिस क्षेत्र में की गई है। इसके बाद पूर्व बर्दवान जिले में 263 कंपनियां और हुगली (ग्रामीण) क्षेत्र में 236 कंपनियां तैनात की गई हैं।
इसके अलावा बारुईपुर पुलिस जिले में 162, बैरकपुर में 160 और कृष्णनगर पुलिस जिले में 159 कंपनियां केंद्रीय बल की तैनाती की गई है।
हावड़ा ग्रामीण क्षेत्र में 147 और डायमंड हार्बर पुलिस जिले में 137 कंपनियां बल रखी गई हैं। वहीं रानाघाट में 128, बसिरहाट में 124 और बारासात में 114 कंपनियां केंद्रीय बल तैनात हैं। सुंदरबन पुलिस जिले में भी 114 कंपनियां तैनात की गई हैं।
दूसरी ओर, सबसे कम 13 कंपनियां बल एडीपीसी क्षेत्र में रखी गई हैं।
चुनाव आयोग का कहना है कि शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान से पहले ही कई क्षेत्रों में केंद्रीय बलों द्वारा रूट मार्च और नाका जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment