महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर, घरेलू एलपीजी की कीमत में कोई बदलाव नहीं


नई दिल्ली: नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन ही देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने एलपीजी सिलेंडर की कीमत में में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। हालांकि ये बढ़ोतरी सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर यानी 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर में ही की गई है। आज सुबह से ही कमर्शियल सिलेंडर के भाव में 218 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा कीमत में बढ़ोतरी करने से कमर्शियल सिलेंडर देश की राजधानी दिल्ली में 195.50 रुपये, मुंबई में 196 रुपये, चेन्नई में 203 रुपये और कोलकाता में 218 रुपये महंगा हो गया है।

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) द्वारा उपलब्ध करायी गई जानकारी के अनुसार आज कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में की गई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,883 रुपये से बढ़ कर 2,078.50 रुपये हो गई है। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत 1,990 रुपये से बढ़ कर अब 2,208 रुपये हो गई है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 1,835 रुपये की जगह 2,031 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,043.50 रुपये से बढ़ा कर 2,246.50 रुपये कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के भाव पिछले चार महीनों में पांचवीं बार बढ़े हैं। इससे पहले सात मार्च को यह 114.5 रुपये महंगा हुआ था। 1 मार्च 2026 को इसकी कीमत 28 रुपये तक बढ़ी थी। इसी तरह फरवरी में इसके दाम में 49 रुपये और जनवरी में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि दिसंबर 2025 में 19 किलोग्राम के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई थी।

राहत की बात यही है कि आज की इस बढ़ोतरी से घरेलू एलपीजी सिलेंडर को बाहर रखा गया है। घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में सात मार्च 2026 को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। आईओसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत वर्तमान में दिल्ली में 913 रुपये है। मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है।

Post a Comment

Previous Post Next Post