पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने टीएमसी को बड़ा झटका दिया है. कभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में रहे मशहूर टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं. दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में पेस बीजेपी शामिल हुए हैं. अब लिएंडर पेस विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए प्रचार करते दिखेंगे.
भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद लिएंडर पेस ने कहा, ‘ये मेरी जिंदगी का बड़ा दिन है. मैं पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन जी को धन्यवाद देता हूं. बीजेपी मुझे मौका दे रही है. ये मौका जो मिला है. यूथ, देश और देशवासियों के सेवा का बड़ा मौका है.’ उन्होंने कहा कि बीजेपी की ये सदस्यता पर्ची महज एक पर्ची नहीं बल्कि मेरे लिए बड़ा अवसर है. इस दौरान पेस ने अपने परिवार का भी जिक्र किया. ‘कहा कि उन्होंने अभी तक माता-पिता और परिवार के नाम को बड़ा करने का काम किया था. लेकिन अब इसके बाद उन्हें देश की सेवा करने का मौका मिला है.’
दरअसल, पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस इससे पहले 24 मार्च को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से कोलकाता में मुलाकात की थी. बताया जाता है कि नितिन नवीन से मुलाकात के बाद ही पार्टी में शामिल होने की रणनीति तैयार की गई थी. मंगलवार को लिएंडर पेस दिल्ली पहुंचे और बीजेपी में शामिल हो गए. वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए ये बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि अभी तक उनकी तरफ से पेस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. अभी तक पेस टीएमसी में थे. चुनाव से पहले बीजेपी के लिए यह बड़ा फायदा माना जा रहा है. पेस चुनाव में बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे.
लिएंडर पेस ने आगे कहा कि खेलो इंडिया एक बड़ा मौका है. किरण रिजीजू को टोक्यो ओलंपिक की जिम्मेदारी मिली. इसके लिए उन्होंने बहुत परिश्रम किया था ये मैं जानता हूं. इंडिया ने उसमें 7 मेडल जीते. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी मोदी का स्पोर्ट्स पर जो फोकस है उसी आधार पर मैं यूथ पर फोकस करना चाहता हूं. उन्होंने कहा कि गुजरात में कॉमनवेल्थ गेम होने जा रहे हैं उसके बाद ओलंपिक का दावा किया जाना है. ये भारत के पास बहुत बड़ा मौका है. आगे पीएम और पूरी इस टीम का ब्लेसिंग लेकर 2036 ओलिंपिक में बहुत अच्छा कर सकते हैं.
लिएंडर पेस ने आगे कहा, मैं बंगाल में पैदा हुआ, मेरी मां बंगाल से है...वहां इतना मौका और इंफ्रा नहीं था. जब मैं सिख रहा था तब से अभी की स्थिति अच्छी है, लेकिन उसको और बेहतर कर सकते हैं. वहां स्पोर्ट्स में फोकस कर सकते हैं. बच्चों को एमपावर करने पर फोकस होना चाहिए. मेरी इच्छा है लड़की और लड़का दोनों खिलाड़ियों को बराबर मौका मिले. उन्होंने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी मिली है वह उससे सीखना चाहते हैं.

Post a Comment