Mumbai Rain alert: तेज बारिश के चलते मुंबई में स्कूल बंद, लोगों को घरों में रहने का आदेश

 



मुंबई:  भारतीय मौसम विभाग द्वारा मुंबई के लिए जारी भारी से भी ज्यादा बारिश की 'रेड अलर्ट' के बीच गुरुवार को तेज बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इससे अचानक बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद मुंबई में 12वीं  तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 

साथ ही लोगों को जहां तक संभव है, अपने घर के अंदर ही रहने की चेतावनी दी गई है। बारिश का रेड अलर्ट ऐसे समय आया है, जब मुंबई में पेयजल सप्लाई करने वाली सातों झीलें अब ओवरफ्लो हो रही हैं यानी उनमें क्षमता से ज्यादा पानी आ गया है। ऐसे में और ज्यादा बारिश होने पर उनसे बाढ़ आ सकती है।

मुंबई में 25 जून को मानसून की शुरुआत मानी जाती है और अब महानगर 56 दिन में 2,000 mm बारिश का स्तर छूने जा रहा है। मुंबई में 27 जुलाई को इस सीजन में बरसे पानी द्वारा 2,000 mm का स्तर पार करने के आसार बन रहे हैं। 

यदि ऐसा होता है तो यह मुंबई में बारिश के पानी का यह स्तर छूने का दूसरा सबसे तेज आंकड़ा होगा। इससे पहले IMD सांताक्रूज ऑब्जरवेटरी ने 22 जुलाई, 2021 को महज 52 दिन में बारिश के 2,000 mm का जल स्तर छूने का रिकॉर्ड बनाया था।

5 दिन से हो रही भारी बारिश

मुंबई में पिछले 5 दिनों से तेज बारिश हो रही है। इस दौरान ही करीब 1,000 mm पानी बरस चुका है। मुंबई में इस सीजन में बारिश ने 1,000 mm का स्तर 21 जुलाई को छुआ था और बुधवार शाम तक यह 1512.7 mm के स्तर पर पहुंच चुका था। 

बुधवार रात को IMD की कोलाबा ऑब्जरवेटरी ने 103.4 mm और सांताक्रूज ऑब्जरवेटरी ने 78.9 mm बारिश दर्ज की है। गुरुवार को बारिश के 2,000 mm का स्तर पार कर लेने के पूरे आसार जताए गए हैं। 

बृहनमुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (BMC) ने बुधवार को ही IMD का रेड अलर्ट सामने आने के बाद स्कूल-कॉलेजों में गुरुवार की छुट्टी घोषित कर दी थी। इसे लेकर BMC कमिश्नर इकबाल सिंह चाहल ने बयान भी जारी किया था।

झीलें होने लगी हैं ओवरफ्लो

मुंबई में लगातार झमाझम बारिश के कारण पेयजल सप्लाई करने वाली सातों झील ओवरफ्लो होने लगी हैं। BMC के मुताबिक, तनसा, विहार, और तुलसी झील ओवरफ्लो होने लगी हैं यानी इनमें क्षमता से ज्यादा पानी भर चुका है। 

तुलसी झील 20 जुलाई को ही ओवरफ्लो हो गई थी, जबकि तनसा और संजय गांधी नेशनल पार्क में मौजूद विहार झील बुधवार को ओवरफ्लो हुई हैं। इसके अलावा भाटसा, अपर वैतरणा, मिडिल वैतरणा, मोदक सागर झीलों में भी जल स्तर संतोषजनक स्थिति में आ गया है। 

इन झीलों से मुंबई को रोजाना 3,800 MLD पानी की सप्लाई होती है। मुंबई की पवई झील भी ओवरफ्लो हो रही है, लेकिन इसका पानी पीने में उपयोग नहीं किया जाता है। 


Post a Comment

Previous Post Next Post