विजय रूपाणी के बाद कौन होगा गुजरात का अगला सीएम? आज विधायक दल की बैठक में फैसला

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है। माना जा रहा है कि रविवार को होने वाले विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। राज्य में विधानसभा चुनाव से लगभग सवा साल पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपना इस्तीफा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंप दिया। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिये चुनाव दिसंबर 2022 में होने हैं।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रह्लाद जोशी और नरेंद्र सिंह तोमर के रविवार को गुजरात जाएंगे। विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए विधायक दल की बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

विधायक दल की बैठक में नए नाम की घोषणा

कोरोना वायरस महामारी के दौरान भाजपा शासित राज्यों में पद छोड़ने वाले चौथे मुख्यमंत्री रूपाणी (65) ने दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रूपाणी के इस्तीफे की घोषणा के तुरंत बाद भाजपा के महासचिव (संगठन) बी एल संतोष और गुजरात राज्य इकाई के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने कहा कि रविवार को होने वाली विधायक दल की बैठक में रूपाणी के उत्तराधिकारी के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

रूपाणी के बाद इन नामों पर चर्चा

विजय रूपानी के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। इसके अलवा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और पूर्व गृह राज्यमंत्री प्रफुल्ल पटेल को भी मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी के रूप में देखा जा रहा है।

तीन महीने में बदले तीन राज्यों के मुख्यमंत्री

भाजपा ने तीन महीनों के भीतर तीन राज्यों के मुख्यमंत्री बदल चुकी है। कर्नाटक में भाजपा बीएस येदियुरप्पा की जगह पर बासवराज बोम्मई को लेकर आई। वहीं, उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह तीरथ सिंह रावत को सीएम बनाया गया और फिर पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। तीरथ सिंह रावत ने दो जुलाई, जबकि येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को अपना इस्तीफा दिया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post