कोलकाता से छह शहरों के लिए आंशिक विमान सेवा शुरू, कोलकाता से विमान जाएगा, आएगा नहीं


देश के छह शहरों की उड़ानों पर प्रतिबंध में आंशिक रूप से ढील दी गई है। कोलकाता हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार को अभी भी उन छह शहरों से उड़ानों के आगमन पर आपत्ति है। इसके लिए चलते कोलकाता से उन छह शहरों में विमान जाएगा पर वहां से आएगा नहीं। सोमवार से यह सेवा कोलकाता हवाई अड्डे से शुरू हो गई है। 

राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए देश के छह शहरों से विमान सेवा पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद मुंबई, पुणे, दिल्ली, चेन्नई, नागपुर और अहमदाबाद और कोलकाता के बीच विमान सेवा को जुलाई के पहले सप्ताह से बंद कर दिया गया था। राज्य की मुख्य सचिव राजिव सिन्हा ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि उन शहरों से कोलकाता एक भी विमान न आए। राज्य सरकार ने तर्क दिया कि उन शहरों से कोरोना संक्रमित यात्री आएंगे और कोलकाता में स्थिति और खराब हो सकती है। 

राज्य के अनुरोध के बाद छह शहरों से सर्वप्रथम 8-19 जुलाई तक विमान सेवा रोक दी गई। इसके बाद फिर इसे बढ़ा कर 31 जुलाई कर दिया गया। इसके बाद प्रतिबंध को 15 अगस्त तक बढ़ा दिया गया था। इस बार हालांकि राज्य सरकार ने छह शहरों में एकतरफा विमान सेवा चलाने की अनुमति दी है। इससे पहले राज्य सरकार ने विदेशों से विमान के कोलकाता आने की आंशिक अनुमति दी थी। राज्य सरकार ने केवल चार्टर्ड उड़ानों को विदेश से लौटने की अनुमति दी है। 

हालांकि यह अनुमति भी सशर्त है। इस मामले में राज्य सरकार ने 'केस टू केस' को मंजूरी देने का फैसला किया है। राज्य सरकार को आने से पहले प्रत्येक चार्टर्ड उड़ान की पूर्व सूचना दी जाएगी।

ADVERTISEMENT

Previous Post Next Post