लोक आस्था का महापर्व छठ : खरना के साथ आज शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत


पटना/वाराणसीः लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ परंपरागत रूप से श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। इस चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है। आज व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से खरना करेंगी। इसके साथ ही छठ व्रत के सबसे कठिन चरण 36 घंटे के निर्जला उपवास की शुरुआत होगी।

खरना के अवसर पर व्रती स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं और पूरी पवित्रता के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मइया की पूजा-अर्चना करती हैं। इस दिन गुड़ से बनी खीर, रोटी और फल का प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं और परिवार तथा आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।

खरना के बाद व्रती 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखती हैं। इस दौरान अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता है। इसके अगले दिन यानी तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
छठ महापर्व को लेकर घरों में विशेष साफ-सफाई और तैयारी की जा रही है। बाजारों में फल, सूप, दउरा, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। घाटों की सफाई और सजावट का कार्य भी जारी है।

छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि लोक आस्था, शुद्धता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का अनुपम पर्व है। इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना की जाती है।

खरना पर छठी मइया को लगेगा पारंपरिक प्रसाद का भोग

खरना के अवसर पर व्रती महिलाएं शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करेंगी और पूरे विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान छठी मइया को रसियाव (गुड़ की खीर), शुद्ध घी लगी रोटी, अरवा चावल, दूध, गुड़ और केला सहित पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया जाएगा। पूजा के बाद व्रती महिलाएं प्रसाद ग्रहण कर खरना का अनुष्ठान पूरा करेंगी और परिवार के सदस्यों तथा शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित करेंगी।

खरना के बाद व्रती महिलाएं अगले 36 घंटे तक अन्न और जल का त्याग कर कठिन निर्जला व्रत रखेंगी। इस दौरान परिवार की सुहागिन महिलाओं की मांग भरकर उन्हें अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद देने की भी परंपरा निभाई जाएगी।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित होगा पहला अर्घ्य

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए सिर पर पूजा की टोकरी और प्रसाद से सजी देउरी लेकर गाजे-बाजे के साथ नदी, सरोवर और तालाबों के घाटों पर पहुंचेंगी। वहां सामूहिक रूप से छठी मइया की कथा सुनने के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान भगवान सूर्य को विशेष रूप से तैयार ठेकुआ, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी।

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के कठिन व्रत का समापन होगा।

घाटों और सरोवरों पर पूरी हुई तैयारियां

छठ महापर्व को लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नदियों, कुंडों, तालाबों और अस्थायी जलाशयों के किनारे तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधुनिक गीतों के बीच छठ के पारंपरिक लोकगीतों का आकर्षण आज भी बरकरार है। 'केरवा के पात पर उगs हो सूरज देव, भइल अरग के बेर', 'केरवा जे फरले घउद में ता पर सुग्गा मंडराए', 'मरबऊ रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए' और 'हम तोहसे पूछिले बरतिया करेलू छठ बरतिया से केकरा लागी' जैसे गीत व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। वहीं, छठी मइया के सदाबहार गीत 'बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय' और 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' की मधुर धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह महापर्व एक बार फिर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post