गोलगप्पे खाने से सौ से अधिक लोग बीमार, दो विक्रेता हिरासत में


मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में दुर्गापूजा के दौरान गोलगप्पे खाने से बच्चों समेत सौ से अधिक लोग बीमार पड़ गए। इनमें कम से कम 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक बच्चे की हालत गंभीर है। उसे तमलुक जिला अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दो गोलगप्पा विक्रेताओं को हिरासत में लिया है।

यह घटना कोलाघाट के सागरबाड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र की है। संगठन के ब्लॉक कार्यकारी अध्यक्ष नारायणचंद्र नायक के अनुसार, 18 अक्टूबर से दक्षिण सागरबाड़ी गांव के निवासी संतोष मन्ना से गोलगप्पे खाने के बाद पदमपुर, देउलबाड़ी, रेनुबाड़ी और बरदाबाड़ी गांवों के लगभग सौ लोग बीमार पड़ गए। इनमें कम से कम 10 लोगों को स्थानीय पांशकुड़ा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कुछ अन्य बीमार लोगों का घर पर ही सलाइन के माध्यम से उपचार किया जा रहा है।

कोलाघाट ब्लॉक अस्पताल एवं जनस्वास्थ्य रक्षा संगठन ने बीमार लोगों के उपचार की उचित व्यवस्था करने और सरकारी चिकित्सकों की निगरानी में चिकित्सा दल भेजकर गोलगप्पों के नमूनों की जांच कराने की मांग की है।

बुधवार जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) को गोलगप्पों के नमूनों की जांच कराने का निर्देश दिया है। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post