नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की उच्च आर्थिक विकास दर को लेकर तारीफ की है. पीएम मोदी ने कहा, ऊंची आर्थिक विकास दर के आंकड़ों से देश खुशियों से भर गया है. लेकिन भारत के भीतर ही निराशा के गर्त में डूबे हुए लोग चारों तरफ निराशा फैलाने में लगे हुए हैं. देश ने 7.8 फीसदी की विकास दर हासिल की है. हमें इस गति को बनाए रखना है. विदेशों की यात्रा घूमने-फिरने के लिए जाते हैं तो नहीं करना चाहिए. शादी के लिए अगर विदेश जाते हैं तो नहीं जाना चाहिए. सोना जरूरत न हो तो नहीं खरीदना चाहिए. हम आत्मनिर्भरता के जरिये 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करेंगे. हमें इसके लिए संकल्प लेना होगा. उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से विदेश यात्रा से बचने की अपील की है.
पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में कहा, दुनिया भर में युद्ध और संघर्ष के बावजूद भारत ने 7.8 फीसदी की आर्थिक वृद्धि दर हासिल कर अहम उपलब्धि हासिल की है. कोरोना महामारी के बाद से दुनिया में कहीं भी स्थिरता नहीं रही. इसके बावजूद भारत ने उल्लेखनीय विकास दर देकर मजबूती दिखाई है. देश में कुछ लोग नकारात्मकता और झूठ फैलाने की कोशिश करते रहे हैं. इन सबके बावजूद हमने अच्छी तरक्की हासिल की है.
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत की पहल के तहत स्वदेशी का फिर आह्वान किया है. उन्होंने लोकल फॉर वोकल और मेड इन इंडिया को अपनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सही नीति, साफ नीयत और 140 करोड़ देशवासियों की एकता से 2047 तक विकसित भारत का संकल्प साकार होगा.

Post a Comment