कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद भाजपा अब इसी रणनीति के तहत जल्द से जल्द निकाय चुनाव कराने की तैयारी में जुट गई है। माना जा रहा है कि दुर्गापूजा खत्म होते ही कोलकाता नगर निगम और हावड़ा नगर निगम में चुनाव हो सकते हैं। दोनों नगर निकायों पर कब्जा जमाने के लिए बीजेपी ने अभी से अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है।
कोलकाता नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। वहीं, अनिंद्य बंद्योपाध्याय को सह-प्रभारी बनाया गया है। संयोजक की जिम्मेदारी तापस राय को दी गई है, जबकि सह-संयोजक के तौर पर रितेश तिवारी उनका सहयोग करेंगे।
इसी तरह हावड़ा नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। वहीं, संजय कुमार सिंह को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद बीजेपी की नजर अब राज्य के नगर निकायों पर है। पार्टी नेतृत्व कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव को विशेष महत्व दे रहा है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में राज्य की अन्य नगरपालिकाओं में भी जीत हासिल करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर रणनीति तैयार की जा रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को बीजेपी के साल्टलेक कार्यालय में नगर निकाय चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।
पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल ने पार्टी के विधायकों और पार्षदों के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि लंबी बैठक के बाद कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव के लिए प्रभारियों और अन्य पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अब विधानसभा चुनाव में मिले जनसमर्थन को निकाय चुनाव में भी भुनाने की कोशिश करेगी। कोलकाता और हावड़ा नगर निगम को अपने कब्जे में लेने के लिए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Post a Comment