स्कूल जाने के क्रम मे अपहृत छात्रा सकुशल बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार


हुगलीः हुगली जिले के भद्रेश्वर थाना क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार रात पुलिस ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद छात्रा के पिता ने भद्रेश्वर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि मोहम्मद मंजूर तथा अन्य लोगों ने उनकी बेटी का अपहरण कर गलत मंशा से उसे बंधक बना रखा है।

शिकायत के आधार पर भद्रेश्वर थाना में कांड संख्या 231/26, दिनांक 18 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 137(2) एवं 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित जांच और विश्वसनीय सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद फिरोज अंसारी उर्फ रोहित, निवासी शांतिकुंजपाड़ा, मुर्गी गली, चांपदानी; दिव्या प्रसाद, पत्नी मोहम्मद फिरोज अंसारी उर्फ रोहित; तथा 20 वर्षीय मोहम्मद मंजूर, निवासी यासीन गली, चांपदानी, शामिल हैं। पुलिस ने फिरोज अंसारी को श्रीरामपुर थाना क्षेत्र से, दिव्या प्रसाद को भद्रेश्वर थाना क्षेत्र से तथा मोहम्मद मंजूर को हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के निश्चिंदा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 180 के तहत उसका बयान दर्ज किया गया है तथा सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post