बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता को मारी गोली, हालत गंभीर


कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राज्य में जारी राजनीतिक तनाव के बीच उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट में बुधवार रात एक और हिंसक घटना सामने आयी। यहां भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय उर्फ चिंटू को गोली मार दी गयी। उन्हें गंभीर हालत में बशीरहाट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना बशीरहाट के गोत्रा इलाके में हुई, जहां भाजपा के झंडे लगाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और कथित तृणमूल समर्थकों के बीच विवाद हुआ था। भाजपा ने आरोप लगाया है कि “तृणमूल समर्थित बदमाशों” ने रोहित रॉय पर फायरिंग की।

रिपोर्ट के मुताबिक रोहित रॉय के पेट में गोली लगी है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। भाजपा की मीडिया सेल द्वारा जारी एक वीडियो में रोहित रॉय अस्पताल के बिस्तर से घटना का जिक्र करते हुए दिखाई दिये। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 8 से 10 लोगों के समूह ने झंडा लगाने के दौरान उन्हें घेर लिया और तीन लोगों ने उन पर गोली चलाई।

यह घटना मध्यमग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या के कुछ घंटों बाद हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आरोपितों को चिन्हित नहीं कया जा सका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post