दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस जारी, उत्तर बंगाल में भारी बारिश की संभावना


कोलकाता: दक्षिण बंगाल के लोग इन दिनों भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम से परेशान हैं। तेज गर्मी के साथ चिपचिपा पसीना और असहजता लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इस स्थिति से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल में लगभग ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हवा में सापेक्षिक आर्द्रता और जलवाष्प की मात्रा बढ़ने से उमस और अधिक बढ़ सकती है, जिससे तापमान का ‘रियल फील’ भी ज्यादा महसूस होगा। वहीं उत्तर बंगाल में मौसम की तस्वीर बिल्कुल अलग है, जहां कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कोलकाता का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और शाम के बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को भी तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में सापेक्षिक आर्द्रता 64 से 87 प्रतिशत के बीच रह सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार शाम के बाद नदिया, पूर्व बर्धमान और बीरभूम जिलों में कालबैसाखी (आंधी-तूफान) की संभावना है। इसके अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, दोनों बर्धमान, मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना और हुगली में भी गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है। हालांकि विभाग ने कहा है कि इन जिलों में बिखरी हुई बारिश के बावजूद लंबे समय तक राहत मिलने की संभावना नहीं है।

दक्षिण बंगाल जहां उमस और गर्मी से जूझ रहा है, वहीं उत्तर बंगाल में मौसम का मिजाज अलग रहेगा। बुधवार से दार्जिलिंग से मालदा तक कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। रविवार तक उत्तर बंगाल के पांच जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

इस बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि तय समय से कुछ दिन पहले, 26 मई तक मानसून केरल में प्रवेश कर सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post