तिलजला अग्निकांड : घायलों में से कुछ की हालत नाजुक, पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन


कोलकाताः कोलकाता के तिलजला इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे में घायल लोगों का इलाज शहर के नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ताजा अपडेट के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य मरीजों में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने इलाज की निगरानी और संसाधनों को और मजबूत किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

घटना के बाद हालात का जायजा लेने के लिए मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित प्रशासनिक प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि महानगर के तिलजला में मंगलवार दोपहर जीजे खान रोड स्थित पांच मंजिली इमारत की दूसरी मंजिल पर बने चमड़े की फैक्टरी के स्टोर रूम में भयावह आग लग गयी. तपसिया थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दमघोंटू धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

प्रशासन की ओर से गठित उच्चस्तरीय जांच समिति ने अपनी जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन फॉरेंसिक जांच और तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो पाएगा।

इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है, साथ ही ऐसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात दोहराई है और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post