इन्द्रवारा में बाबा केवल व बाबा अमरसिंह राजकीय मेले का भव्य उद्घाटन


समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के इन्द्रवारा गांव स्थित बाबा केवल स्थान एवं बाबा अमरसिंह स्थान राजकीय मेले का भव्य उद्घाटन केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल से गूंज उठा।

बाबा केवल एवं बाबा अमरसिंह निषाद समाज के पूजनीय लोक देवता माने जाते हैं। दोनों महापुरुषों ने अपने जीवनकाल में समाज कल्याण, निषाद समाज के उत्थान तथा सामाजिक समरसता के लिए निरंतर संघर्ष किया और लोकहित में अपना जीवन समर्पित कर दिया। यही कारण है कि इन्द्रवारा स्थित यह स्थल आज निषाद समाज के लिए राष्ट्रीय तीर्थ के रूप में विख्यात है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने मेले की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हरि सहनी, रामाश्रय सहनी, मोरवा विधायक रणविजय साहू, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, भीष्म सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा एवं नीलम सहनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इस दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, नजारत उप समाहर्ता रजनीश कुमार राय एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता ऋषभ राज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक एवं जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनंत कुमार राय ने किया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी प्रतीक बनकर उभरा।

Post a Comment

Previous Post Next Post