महाशिवरात्रि पर चौतरफा हर-हर गंगे, ॐ नमः शिवाय की गूंज


नई दिल्ली: शिव उपासना के महापर्व महाशिवरात्रि पर आज सारे देश के मंदिरों खासतौर पर शिवालयों, मां गंगा- यमुना और अन्य पावन नदियों, सरोवरों के तटों पर ब्रह्म मुहूर्त लगते ही हर-हर गंगे और ॐ नमः शिवाय की गूंज होने लगी। वाराणसी और उज्जैन के साथ भगवान राम की नगरी शिवमय हो गई है।

मध्य प्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर, उत्तर प्रदेश के वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए लोगों की कतार लगी हुई है। लोग जलाभिषेक कर ॐ नमः शिवाय का उद्घोष कर रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदनी चौक के गौरीशंकर मंदिर और छतरपुर के श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना के लिए सैलाब उमड़ पड़ा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में भी ऐसा ही दृश्य है। ओडिशा में तो कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी के समुद्र तट पर 17,000 रुद्राक्ष से शिवलिंग की कलाकृति तैयार कर महाशिवरात्रि को रेत में जीवंत कर दिया है।

अयोध्या में आज राम की पैड़ी में स्थित प्राचीन नागेश्वर नाथ मंदिर से भव्य शिव बरात निकलेगी। बरात में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। बैंड-बाजा, रथ, भगवान के स्वरूप आकर्षण बढ़ाएंगे। इस बरात का क्षीरेश्वरनाथ मंदिर पर स्वागत किया जाएगा। रात में भगवान भोलेनाथ का धूमधाम से विवाह होगा। शनिवार को यहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ भोले बाबा को हल्दी अर्पित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच विवाह के लोकाचार पूरे किए गए। प्रशासन के अनुसार पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और गृहमंत्री ने लोगों को महाशिवरात्रि की दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने रविवार को देशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर कहा, "महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मेरी प्रार्थना है कि महादेव की कृपा हम सभी पर सदा बनी रहे और हमारा देश प्रगति के पथ पर सदैव अग्रसर रहे।"

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि काशी से रामेश्वरम् तक, महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व भारत की अखंड और शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। महादेव और माता पार्वती की कृपा से हम सभी को सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो यही मंगलकामना है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इस पावन अवसर पर देवाधिदेव महादेव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि देवाधिदेव महादेव से सभी के कल्याण और देश की खुशहाली व समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस पावन अवसर पर मैं कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में महाशिवरात्रि समारोह में शामिल होने जा रहा हूं। मुझे इसका बेसब्री से इंतजार है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देवाधिदेव महादेव से सभी के कल्याण और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।

केंद्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह केवल व्रत, उपवास या पूजन की रात नहीं, यह आत्मा का शिवत्व से साक्षात्कार करने का अवसर है। यह अंतर्मन की अशुद्धियों को त्यागकर तप, त्याग और सत्य के पथ पर अग्रसर होने का संकल्प है।

Post a Comment

Previous Post Next Post