पुनौराधाम में बनेगा भव्य सीता मंदिर, आसपास विकसित होगा आधुनिक सीतापुरी शहर : सम्राट चौधरी


पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि माता सीता के जन्म स्थान पुनौराधाम में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। मंदिर के निर्माण के बाद उसके आसपास एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बसाया जाएगा, जिसे सीतापुरी के नाम से जाना जाएगा। वे पटना के विद्यापति भवन में आयोजित वैदेही सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच वर्षों में मजदूरी के लिए बिहार से बाहर जाने वाले लोगों को अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर नौकरी के लिए अन्य राज्यों में जाना बिहार के लिए गर्व की बात है, लेकिन मजबूरी में मजदूरी करने बाहर जाने वालों को बिहार में ही सम्मानजनक रोजगार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारत अब केवल आचार-व्यवहार का प्रतीक नहीं, बल्कि एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर उभर रहा है। अमेरिका सहित कई देशों से लोग अब भारत यात्रा के लिए आ रहे हैं। बिहार में भी अगले एक से दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की लैंडिंग शुरू हो जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और रनवे विस्तार पर बड़े पैमाने पर काम चल रहा है।

कोसी क्षेत्र का जिक्र करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सुपौल, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जैसे जिले लंबे समय तक बाढ़ से प्रभावित रहे हैं। पिछले 20 वर्षों में करीब 10 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर भीषण बाढ़ आ जाती थी, जबकि वर्ष 2024 में लगभग 10 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बावजूद केवल 106 गांवों में नियंत्रित रूप से पानी पहुंचा। अब कोसी के पानी का उपयोग सिंचाई, विकास और रोजगार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से कोसी नदी को अभिशाप से अवसर में बदला जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं, बहनों और आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में माफिया, अपराधी और गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीण सड़कों पर अवैध कब्जे और ऋण के नाम पर चलने वाले तथाकथित “गुंडा बैंक” पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर सुशासन को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार विकास, सुरक्षा और सम्मान के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post