पाकिस्तान की दुर्दशा पर कांग्रेस के पेट में हो रहा दर्द : करण सिंह पटेल


प्रयागराज: इलाहाबाद लोकसभा संसदीय क्षेत्र के शहर दक्षिणी विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन मुंशी राम प्रसाद की बगिया नारायण वाटिका मुट्ठीगंज में आयोजित की गई। मुख्य अतिथि एवं पूर्व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ करण सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ और कांग्रेस का पाकिस्तान की पार्टनरशिप का पूरी तरह से देश जान चुका है। यही कारण है पाकिस्तान की दुर्दशा पर आज कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ मोदी देश को एक करने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल के सपनों को पूरा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस देश के अंदर जातिवाद, संप्रदायवाद, तुष्टिकरण की नफरत फैलाकर समाज में लड़ाई करवा रही है। उन्होंने कहा कि मोहब्बत की दुकान खोलकर कांग्रेस झूठ का सामान बेच रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, दोनों की विचारधारा एक है। एक ने देश को लूटा तो दूसरे ने प्रदेश को। आज दोनों की लूट की फैक्ट्री बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार देश प्रदेश को लूटने वाले को छोड़ने वाली नहीं है। इसलिए यूपी में अपने आप को बचाने के लिए एक होकर चुनाव लड़ रहे हैं।

डॉ पटेल ने कहा कि कांग्रेस और सपा आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, गुंडाराज एवं परिवारवाद की फैक्ट्री है। जिसे जनता ने उखाड़ फेंका है। मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने उनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। क्योंकि कांग्रेस धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी और इस दीवार को मोदी सरकार ने ध्वस्त कर दिया। जो कांग्रेस से सहा नहीं जा रहा है और कह रही है हमारी सत्ता आएगी तो धारा 370 फिर लागू कर देंगे। उन्होंने सॉफ्टवेयर पर मोदी सरकार द्वारा किए गए राम मंदिर का निर्माण, धारा 370 को हटाना, सिटिजन अमेंडमेंट एक्ट लागू करना, ट्रिपल तलाक एक्ट लागू करना, देश और प्रदेश में विकास को लेकर सरकार द्वारा किए गए कार्यों का जिक्र किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं भी अपने बेटे विक्रम सिंह के लिए फूलपुर से टिकट मांग रहा था। लेकिन लेकिन पार्टी का जो फैसला आया उसे स्वीकार करता हूं। क्योंकि हम सभी को अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर भारतीय जनता पार्टी के लिए काम करना है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी हमारी मां है और इसके लिए समर्पित भाव से हमें काम कर प्रचंड बहुमत के साथ 400 सीट पार कर मोदी सरकार बनाना है।

इस अवसर इलाहाबाद लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने कहा कि बूथ जीता चुनाव जीता का मंत्र लेकर हमें हर बूथ पर पिछले चुनाव की अपेक्षा 370 वोट बढ़ाकर कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव हम नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता लड़ रहा है, इसलिए हम लोगों को हर बूथों पर शानदार जीत का इतिहास रचना है। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि बूथ के कार्यकर्ता अपने बूथों को ही भारत समझें और मतदाता से निरंतर सम्पर्क साधे।

इस अवसर पर सांसद डॉक्टर रीता बहुगुणा जोशी, महापौर गणेश केसरवानी पूर्व विधायक नीलम करवरिया पूर्व विधायक दीपक पटेल, लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल विधानसभा प्रभारी सुरेश मौर्य, कुमार नारायण, जिला प्रवक्ता राजेश केसरवानी, मुरारी लाल अग्रवाल, पार्षद किरण जायसवाल, रईस चंद्र शुक्ला, अश्वनी पटेल, रामजी केसरवानी, नवरत्न कत्याल, राजन शुक्ला ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम संयोजक विधानसभा संयोजक ज्ञानेश्वर शुक्ला रहे। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी एवं गोपालजी मालवीय ने संयुक्त रूप से बताया कि इस अवसर पर शहर दक्षिणी विधानसभा के 377 बूथ अध्यक्ष, 83 शक्ति केंद्र प्रभारी, 74 मतदान केंद्र प्रमुख एवं 25 वार्ड अध्यक्ष एवं सचिव को सम्मानित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post