Ek Villain Returns के नाम हुई 2022 की ईद, अर्जुन कपूर ने किया एलान- इस बार ईदी विलेन देगा...

महाराष्ट्र में सिनेमाघरों को खोले जाने की अनुमति मिलने के साथ ही धड़ाधड़ फ़िल्मों की रिलीज़ डेट घोषित की जा रही हैं। अब मोहित सूरी निर्देशित एक विलेन रिटर्न्स की रिलीज़ डेट तय हो गयी है। फ़िल्म अगले साल ईद पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। आम तौर पर ईद का त्योहार सलमान ख़ान के साथ जुड़ा है, मगर इस बार ईदी एक विलेन देगा।

एक विलेन रिटर्न्स में अर्जुन कपूर, जॉन अब्राहम, दिशा पाटनी और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। अर्जुन ने फ़िल्म की रिलीज़ डेट पोस्टर के साथ शेयर करके लिखा- इस बार ईदी विलेन देगा। तारीख़ आप याद रखना- 8 जुलाई 2022। प्रीक्वल एक विलेन 2014 में रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और श्रद्धा कपूर लीड रोल्स में थे, जबकि रितेश देशमुख ने पहली बार नेगेटिव रोल निभाया था और उनका यह किरदार काफ़ी चर्चित रहा था। फ़िल्म का संगीत भी काफ़ी लोकप्रिय हुआ था। 

बता दें, एक विलेन रिटर्न्स की घोषणा आदित्य रॉय कपूर के साथ की गयी थी। आदित्य ने मोहित के साथ आशिक़ी 2 जैसी सफल फ़िल्म दी थी। मगर, क्रिएटिव डिफरेंसेज़ की वजह से आदित्य फ़िल्म से अलग हो गये और अर्जुन कपूर की एंट्री हुई। अर्जुन डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई भूत पुलिस में नज़र आ चुके हैं। अर्जुन की सिनेमाघरों में आख़िरी रिलीज़ फ़िल्म संदीप और पिंकी फरार है, जो इसी साल महामारी की दूसरी लहर से पहले आयी थी, मगर फ़िल्म फ्लॉप रही। हालांकि, बाद में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने के बाद इस फ़िल्म को अच्छे दर्शक मिले थे। इस साल अर्जुन की एक और फ़िल्म सरदार का ग्रैंडसन नेटफ्लिक्स पर आयी थी।

वहीं, जॉन अब्राहम की आख़िरी रिलीज़ फ़िल्म मुंबई सागा है, जो संयोग से संदीप और पिंकी फरार के साथ इसी साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में आयी थी। हाल ही में जॉन ने अपनी एक और फ़िल्म सत्यमेव जयते 2 की रिलीज़ डेट की घोषणा की है, जो 26 नवम्बर है। 2021 में जॉन की यह दूसरी फ़िल्म है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post