Independence Day 2021: धनबाद स्टेशन पर 100 फीट की ऊंचाई पर शान से लहरा रहा तिरंगा, मेन गेट पर सजा खादी का संसार

आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर धनबाद रेलवे स्टेशन नये कलेवर में दिख रहा है। स्टेशन के मुख्य द्वार पर 100 फीट की ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज आन बान और शान से खड़ा है तो मेन गेट पर खादी का संसार सज गया है। खादी के स्टाल पर खरीददारों की भीड़ लगने लगी है। धनबाद से बाहर जाने और यहां वापस लौट रहे यात्री खादी के कपड़े और दूसरे सामानों की जमकर खरीददारी कर रहे हैं। रेलवे की ओर से सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज कुछ साल पहले ही लगाया जा चुका है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुराने राष्ट्रीय ध्वज को बदल कर नया लगाया गया। पर खादी के कपड़ों की प्रदर्शनी पहली बार लगी है। आजादी के 75 साल पूरे होने पर देशभर के 75 स्टेशनों पर खादी के स्टाल लगाए ग हैं। इनमें झारखंड में धनबाद और टाटा नगर स्टेशन भी शामिल हैं।

आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सजा है खादी का स्टाल

रेलवे स्टेशनों पर खादी का स्टाल आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत लगाया गया है। इसके आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित सरकारी विभाग को सौंपी गई है। रेलवे को सिर्फ जगह उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। हालांकि इसके लिए मंडल स्तर पर सीनियर डीसीएम को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

75 घंटे तक खुलेगा स्टाल, 22 अगस्त तक होगी खरीददारी

रेलवे स्टेशन पर लगा खादी का स्टाल 75 घंटे का होगा। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले से शुरू होगा 22 अगस्त तक खादी के स्टाल में खरीददारी की जा सकेगी। 14 से 21 अगस्त तक सुबह 10 से शाम 6:30 तक स्टाल खुलेगा। अंतिम दिन 22 अगस्त को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। स्टाल पर भीड़ से यात्रियों के आवागमन में परेशानी न हो इसे लेकर कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post