Bihar: सीएम नीतीश बोले, बाढ़ से किसानों को काफी नुकसान हुआ है, इसका ठीक से आकलन करें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने गुरुवार को पटना, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, खगडिय़ा, भागलपुर व मधेपुरा के बाढ़ प्रभावित जिलों (Flood Affected Districts) का हवाई सर्वे किया। इसके बाद पटना में उन्होंने आला अधिकारियों के साथ एक उच्‍च स्तरीय बैठक की। संबंधित जिलों के जिलाधिकारी भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इसका ठीक से आकलन किया जाए, ताकि उन्हें सहायता पहुंचायी जा सके। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लें। आकलन के बाद जहां भी सहायता की जरूरत हो उसे तत्काल उपलब्ध कराएं। हवाई सर्वेक्षण में मुख्यमंत्री  के साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा भी थे। 

भागलपुर इंजीनियरिंग कालेज को बाढ़ से बचाएं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून में ज्यादा बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई में अब तक ज्यादा बारिश नहीं हुई है। जिलाधिकारी सभी चीजों का सही तरीके से आकलन करें। जिलों में बारिश की स्थिति के साथ-साथ बाढ़ की संभावित स्थिति के अन्य कारकों पर भी नजर रखी जाए। पूरी तरह से सतर्क रहें। मुख्यमंत्री ने भागलपुर के संदर्भ में यह विशेष निर्देश दिया कि भागलपुर इंजीनियरिंग कालेज को बाढ़ से बचाने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय करें। 

राहत कैंप में कोरोना जांच और टीकाकरण कराएं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एवं नेपाल में अधिक बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनती है। सभी संबंधित जिलों के डीएम इसे लेकर भी सतर्क रहें। पटना के टाल इलाके का निरीक्षण कर विशेष नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि लोगों की सहायता के लिए हम सभी को काम करना है। जो राहत कैंप बनाए गए हैैं, वहां पर कोरोना जांच और टीकाकरण कार्य जरूर कराया जाए।

नदियों की स्थिति से रूबरू हुए सीएम 

मुख्यमंत्री की बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने आपदा राहत कार्यों के संबंध में जानकारी दी। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने हवाई सर्वेक्षण के दौरान जिलावार प्रखंडों में नदियों की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल व मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी मौजूद थे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी भी बैठक में शामिल हुए।


Post a Comment

Previous Post Next Post