गया के खिजरसराय में सात पाॅजिटिव केस मिलने पर एक्टिव केस हुआ 31, गांव में आने-जाने पर प्रतिबंध

गया जिले में कोरोना तेजी से फैल रहा है। खिजरसराय प्रखंड इलाके के देवगांव में गुरुवार को सात कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई है। चिकित्सा प्रभारी डॉ भोला भाई ने बताया कि अभी खिजरसराय प्रखंड इलाके में कोरोना के 31 एक्टिव केस हैं। गुरुवार को देवगांव में 300 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। इनमें से सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिर्फ देवगांव में  अभी तक 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को सोनास की 20 वर्षीय युवती सहित कुल 11 लोगो की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।

गांव के रास्‍ते पर की गई बैरिकेडिंग

बीडीओ डॉ उदय कुमार ने बताया कि देवगांव में दो केस आने के बाद मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। पर गुरुवार को ज्यादा केस आने के बाद गांव के बाहर निकलने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पूरे गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि गांव के लोगों के बाहर निकलने पर सख्त मनाही की गई है। इसके पूर्व बिंदौल में भी मिनी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।

लोग नहीं करा रहे कोरोना की जांच

बीसीएम ललन कुमार ने बताया कि गुरुवार को 240 लोगों को कोरोना का टीका दिया गया है। इसके साथ ही कई स्थानों पर 207 एवं देवगांव में 300 लोगो का कोरोना टेस्ट कराया गया है। देवगांव में कई लोग जांच करवाने में कतरा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वरीय अधिकारियों से बात हुई है।शुक्रवार को पुलिस की निगरानी में बचे हुए लोगो का कोरोना टेस्ट किया जाएगा।प्रखंड इलाके में कोरोना से बचाव के लिए अब तक 4 दुकानों को प्रशासन के द्वारा सील किया गया है। इसके बाबजूद लोग बिना मास्क के नजर आते हैं। बी डी ओ ने स्थानीय लोगो को बाज़ार में कम से कम निकलने एवं मास्क लगा कर ही चलने की अपील की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post