दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों में शामिल हुए रिलायंस के मुकेश अंबानी, जानिए कितनी है कुल संपत्ति


रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हो गए हैं। कंपनी के डिजिटल विंग यानी Jio Platforms में आए ताजा वैश्विक निवेश एवं कंपनी के शेयर के भाव के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचने के कारण अंबानी की संपत्ति में हाल में उल्लेखनीय इजाफा देखने को मिला है। अंबानी Forbes की अरबपतियों की रियल टाइम लिस्ट में 9वें स्थान पर हैं। Bloomberg Billionaires Index में भी वह नौवें स्थान पर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर की कीमत शुक्रवार को 1788 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। जियो प्लेटफॉर्म्स में हाल में आए भारी निवेश की वजह से 63 वर्षीय मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति साढ़े 64 अरब डॉलर के करीब पहुंच गई। 

फोर्ब्स के शीर्ष दस धनकुबेरों की सूची में अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस पहले स्थान पर है। उनके पास करीब 160 अरब डॉलर की संपत्ति है। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स का स्थान आता है। गेट्स के पास कुल 108.7 अरब डॉलर की संपत्ति है। फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट और उनका परिवार इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके पास 103.2 अरब डॉलर की संपत्ति है। 

फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। जुकरबर्ग शीर्ष 10 धनाढ्यों की सूची में सबसे कम उम्र के हैं। जुकरबर्ग की आयु महज 36 वर्ष है। इस सूची में वारेन बफेट पांचवें स्थान पर हैं। बफेट की कुल संपत्ति 71.4 अरब डॉलर आंकी गई है।  

दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में अमेरिकी उद्योगपतियों का दबदबा है। शीर्ष 10 लोगों में सात उद्योगपति अमेरिका से हैं। इस सूची में अंबानी एकमात्र एशियाई हैं। शीर्ष दस धनाढ्यों में फ्रांस और स्पेन के एक-एक उद्योगपति शामिल हैं।  

फोर्ब्स की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक मुकेश अंबानी भारत की सबसे अधिक मूल्यवान कंपनी का नेतृत्व करते हैं। अंबानी के पास यूनिवर्सिटी ऑफ बॉम्बे से बैचलर ऑफ साइंस इन इंजीनियरिंग की डिग्री है।

ADVERTISEMENT

Previous Post Next Post