माझेरहाट ब्रिज का काम फिर हो रहा शुरू


कोलकाता : माझेरहाट ब्रिज के दुर्गापूजा के पहले फिर से शुरू हो जाने की सम्भावना बढ़ गयी है। गुरुवार को स्वयं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पत्रकारों को बताया था कि इस टूटे हुए ब्रिज को बनाने का काम सोमवार से पुनः शुरू हो जाएगा।लॉकडाउन के कारण यहां पहले से काम कर रहे मजदूर भी अटके हुए हैं, इसलिए मजदूरों को लेकर लॉकडाउन में समस्या नहीं होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार से जो काम शुरू किया जाएगा, उसमें पहले की तुलना में आधे मजदूर काम पर लिए जाएंगे।

मजदूरों को बारी-बारी से काम दिया जाएगा। माझेरहाटी ब्रिज बन्द होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। माझेरहाट, तारातला, बेहला, पर्णश्री, महेशतल्ला, बजबज, पैलान, आमतला, विष्णुपुर आदि अंचलों से अलीपुर होकर धर्मतल्ला की ओर जाने वाले लोगों को ब्रिज टूटने के बाद समस्या भोगनी पड़ रही है। ऑफिस टाइम में हर दिन हर रास्ते पर ट्रैफिक जाम बढ़ जाता था।

हालांकि राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत न्यू अलीपुर में एक बेली ब्रिज बना दिया था, लेकिन यह व्यवस्ता भी समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं कर पा रही है। यह पुल 4 सितम्बर 2018 को ढ़ह गया था। उसके बाद राज्य सरकार ने इसे नए सिरे से बनाने का निर्णय किया। इस ब्रिज के नीचे सियालदह-बजबज सेक्शन की ट्रेनें जाती हैं।

चक्र रेल भी इस क्षेत्र का स्पर्श करती है। प्रशासन की कोशिश है कि लॉकडाउन के समय जबकि ट्रैफिक की आवाजाही बिल्कुल बन्द है, तेज रप्तार से काम कराया जाए, ताकि दुर्गापूजा तक इसे चालू किया जा सके।
Previous Post Next Post