नालंदा के विश्व धरोहर परिसर में गूंजी देशभक्ति, मंत्री श्रवण कुमार संग एनसीसी कैडेटों ने ली 'हर घर तिरंगा' की शपथ


सिलाव: आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को नालंदा का ऐतिहासिक विश्व धरोहर परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' के तहत 38 बिहार बटालियन एनसी द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने देशभक्ति की ऐसी हुंकार भरी कि पूरा खंडहर परिसर "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का नेतृत्व बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल राजेश बहारी ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि "तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन-बान-शान है। यह सम्मान, संप्रभुता और स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है। इसे हमेशा ऊंचा रखना हम सभी भारतवासियों का परम कर्तव्य है।" उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को ऐतिहासिक बनाने के लिए 'हर घर तिरंगा' का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा। मंत्री ने उपस्थित लोगों से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और तिरंगे की गरिमा की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।


विश्व धरोहर स्थल की पृष्ठभूमि में अनुशासित कतारों में खड़े एनसीसी कैडेटों का मार्च और देशभक्ति गीतों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। कर्नल राजेश बहारी ने कैडेटों के जोश की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल परेड नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की पाठशाला है। उन्होंने कैडेटों को जीवन में हमेशा देश को पहले रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में संरक्षण सहायक विक्रम झा, ऋषि कुमार, बंटू सिंह, धनंजय देव सहित पुरातत्व विभाग के अधिकारी, स्थानीय समाजसेवी और बड़ी संख्या में एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी व कैडेट उपस्थित रहे। कैडेटों ने परिसर में तिरंगा रैली भी निकाली और आगंतुकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नालंदा जैसी ऐतिहासिक धरती से 'हर घर तिरंगा' का संदेश निकलना पूरे देश के लिए गौरव की
बात है। यह अभियान न सिर्फ स्वतंत्रता दिवस का जश्न है, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना जगाने का माध्यम भी है।कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान के साथ समापन किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post