कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान जिले के बर्धमान शहर के एक रिहायशी इलाके से आतंकी गतिविधियों के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ का दावा है कि गिरफ्तार युवक का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से है। उसकी पहचान हमीद मंडल के रूप में हुई है। हालांकि, जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि उसने यह नाम असली पहचान के तौर पर इस्तेमाल किया था या फर्जी नाम से रह रहा था। गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को बर्धमान अदालत में पेश किया जा रहा है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हमीद मंडल को दुर्गापुर एक्सप्रेसवे के पास स्थित रेनेसां कॉम्प्लेक्स नामक आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया। वह वहां किराये के एक फ्लैट में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इससे पहले वह न्यूटाउन के एक फ्लैट में भी किराये पर रह चुका है।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, न्यूटाउन में जिस इलाके में वह रहता था, वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के फ्लैट से अधिक दूर नहीं है। इसी वजह से जांच एजेंसियां उसके वहां रहने के उद्देश्य और गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित मुख्यमंत्री की आवाजाही पर नजर रखता था। एसटीएफ सूत्रों का दावा है कि उसने उन मार्गों की रेकी भी की थी, जिनका इस्तेमाल मुख्यमंत्री न्यूटाउन स्थित आवास तक आने-जाने के लिए करते थे। टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच में यह भी पता चला है कि वह जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलरों के नियमित संपर्क में था।
कुछ सूत्रों का यह भी दावा है कि गिरफ्तार युवक पाकिस्तान का नागरिक हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां उसकी वास्तविक पहचान, नागरिकता और नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
एसटीएफ अब न्यूटाउन और बर्धमान में आरोपित को फ्लैट किराये पर देने वाले लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कब से वहां रह रहा था और उसकी गतिविधियों के बारे में किसी को कोई जानकारी थी या नहीं।

Post a Comment