पटना: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कहा कि खटारा बिहार को समृद्ध बिहार बनाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि हमने बिहार विधानसभा में 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट में बिहार के किसान, नौजवान, युवा और रोजगार की पूरी चिंता की गई है।
राजद से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राजद नाटक करने और परसेप्शन क्रिएट करने वाली पार्टी है। राजद जिसके गोद में बैठी है, उसने मंडल कमीशन का भी विरोध किया था, जबकि हम लोगों ने उसका भी समर्थन किया था।
रोजगार की चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने की बात कही गई थी। इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 50 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 2007-2008 से 45 करोड़ पेड़ लगाने का काम एनडीए की सरकार ने किया है। खेल के विकास को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि 2027 से पहले ऐसी संरचना खड़ी करनी है कि बिहार के किसी कोने से लोग सफर करेंगे तो पटना चार घंटे में पहुंच जाएं।
उन्होंने कहा कि बिहार के बजट में किसानों की चिंता की गई है। किसान कैसे समृद्ध हो सकते हैं, इसकी बात की गई है। 2005 से पहले बिहार बदहाल था, बिहार में पेयजल, बिजली, सड़क की व्यवस्था नहीं थी। बजट में किसानों के लिए खास ध्यान रखा गया है। तरकारी आउटलेट खोलने की बात हो या कॉम्फेड और वेजफेड संयुक्त रूप से तरकारी आउटलेट खोलने की। इससे राज्य के किसानों को सब्जी के उचित दाम मिलेंगे। इसके लिए प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति का प्रसार सभी प्रखंडों में किया जाएगा। वर्तमान में राज्य के 302 प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (पीवीसीएस) का गठन हो चुका है। सभी जिलों में कोल्ड स्टोरेज बनाने का काम किया जाएगा।
उन्हाेंने कहा छात्रों के लिए बजट में कई तरह के प्रावधान किए गए हैं। प्रदेश के 534 ब्लॉक हैं, जिसमें 300 ब्लॉक में डिग्री कॉलेज नहीं है। सरकार ने निर्णय लिया है कि 300 जिलों में डिग्री कॉलेज बनाने का काम किया जाएगा। बिहार में बेटी की शादी के लिए कन्या विवाह मंडप सभी पंचायतों में बनाने का काम किया जाएगा। गरीब अपनी बेटी की शादी अपने पंचायत में ही कर सकेंगे। वेडिंग जोन में महिलाओं के लिए स्थान चिन्हित किए जाएंगे, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पिंक टॉयलेट की स्थापना की जाएगी और पिंक बसें भी चलाई जाएंगी। बसों में चालक और कंडक्टर भी महिलाएं होंगी। बिहार के सभी बस स्टैंड को चिन्हित कर बनाने का काम किया जाएगा। सभी चीजों को उद्योग से जोड़ा जाएगा। कई तरह की नीतियां बनाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में लगभग 300 पीएसी बनाने का काम किया जा रहा है। सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाने का काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बिहार में कई एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया गया है। कई एक्सप्रेस की स्वीकृति मिली है, जिसे बनाने का कार्य किया जा रहा है।
Post a Comment