Facebook पर झारखंड के मुख्यमंत्री को गाली देने वाले तोपचांची के छात्र को मिली माफी, पीआर बांड पर पुलिस ने छोड़ा

इंटरनेट मीडिया-Facebook पर चेहरा चमकाने की छात्र राजनीति में धनबाद के तोपचांची प्रखंड के खेसमी गांव का तापोश मंडल फंस गया। उसने फेसबुक पर पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ घोर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस पर झामुमो केंद्रीय कार्यालय रांची की नजर पड़ी तो धनबाद पुलिस से शिकायत की गई। इसके बाद पुलिस ने तापोश को खोजना शुरू किया। फिर तो दिमाग ठिकाने आ गया। तापोश ने तुरंत फेसबुक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से माफी मांगी। हालांकि पुलिस ने माफी नहीं दी। उसे दबोच लिया। तोपचांची थाना में रखकर पूछताछ की गई। बाद में पीआर बांड पर तोपचांची थाने से घर जाने दिया गया।

साइ टेक्निकल इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का छात्र है तापोश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी किये जाने के मामले में तोपचांची पुलिस ने खेसमी गांव निवासी तापोश मंडल नामक एक युवक को रविवार की सुबह हिरासत में लिया है। वह Sai-Tech Industrail Training Institute गोमो, धनबाद का छात्र है। पुलिस उससे थाना में पूछताछ कर रही है। आरोपी युवक ने अपने फेसबुक एकाउंट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर छात्र की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी किया था, जिसको लेकर झामुमो केंद्रीय कार्यालय रांची के द्वारा धनबाद पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ करवाई की मांग की गई थी।

पुलिस से लगाई माफी की गुहार

पुलिस के द्वारा पकड़े जाने के बाद आरोपी युवक ने बताया कि उसने फेसबुक एकाउंट पर मुख्यमंत्री से कहा है कि उसने गलती की है। उसे माफ कर दिया जाय। भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी। छात्र की पैरवी में गांव से बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंचे। तोपचांची थाना की पुलिस से उसे छोड़ देने की गुहार लगाई। इसके बाद भी पुलिस ने छोड़ने के मूड में नहीं थी। चूंकि मामला सत्ताधारी झामुमो से जुड़ा है। छात्र ने मुख्यमंत्री के खिलाफ घोर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। शिकायत भी झामुमो की तरफ से है। इसके बाद छात्र के स्वजनों ने झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो से संपर्क दिया। महतो के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीआर बांड पर छात्र को छोड़ दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post