Coronavirus India Updates: देश में 4 लाख के पार पहुंचा कोरोना से मौत का आंकड़ा, एक दिन में 46 हजार से ज्यादा केस

देश में कोरोना की दूसरी लहर थम रही है। इस बीच आज देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 4 लाख के पार पहुंच गया। जेश में इस महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 4 लाख के पार हो गया है। इनमें से सबसे ज्यादा 1.22 लाख मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। बीते एक दिन की बात करें तो देश में पिछले 24 घंटे में 46 हजार से ज्यादा कोरोना मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 46,617 मामले सामने आए हैं। इस दौरान देश में कोरोना संक्रमण के कारण 853 मरीजों की मौत हुई है।

देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। देश में बीते 24 घंटों में कोरोना से 59,384 मरीज ठीक हुए हैं। इसको मिलाकर अब तक कुल 2 करोड़ 95 लाख 48 हजार 302 लोग रिकवर हो चुके हैं। भारत की कोरोना रिकवरी दर अभी 97.01% है। इसके साथ ही एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 13,620 की कमी आई है। अब 5.09 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। कोरोना की सक्रिय दर फिलहाल 1.67% है।

देश में कोरोना की स्थिति

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 46,617

बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 59,384

बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 853

अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3,04,58,251

अब तक ठीक हुए: 2,95,48,302

अब तक कुल मौतें: 4,00,312

अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 5,09,637

4 लाख से ज्यादा मौतों वाला तीसरा देश बना भारत

भारत के अलावा ब्राजील और अमेरिका ही दो देश ऐसे हैं, जहां चार लाख से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है।हालांकि, भारत की तुलना में दोनों देशों में मौतों की संख्या में एक लाख से ज्यादा का अंतर है।  दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका में हुई हैं। यहां अब तक 6 लाख 20 हजार 645 मरीजों की जान जा चुकी है। वही, दूसरे नंबर पर ब्राजील में 5 लाख 20 हजार 189 लोगों की मौत हुई है।

दूसरी लहर में अब तक देश में करीब 2.50 लाख मौतें

कोरोना की दूसरी लहर 10 मार्च से शुरू हुई थी। उस समय तक देश में कोरोना महामारी से 1.58 लाख मौतें हो चुकी थीं। यानी दूसरी लहर में करीब 2.50 लाख लोगों ने जान गंवाई।

6-7 राज्यों में आ रहे हैं सबसे ज्यादा केस

देश में कोरोना की दूसरी लहर ज्यादातर जगहों पर थम रही है लेकिन कुछ राज्य ऐसे हैं जहां 10 से 15 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं। केरल और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा, 14 से 15 हजार नए केस आ रहे हैं। महाराष्ट्र में 10 से 11 हजार के बीच रिपोर्ट किए जा रहे हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में ये 8 से 9 हजार के बीच हैं। पश्चिम बंगाल में 4 से 5 हजार नए केस रोजाना आ रहे हैं। ओडिशा में 5 से 6 हजार के बीच नए केस हैं। अन्य राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश में नए केसों की संख्या एक हजार से कम हैं।

देश में अधिकतर राज्यों में कोरोना की दूसरी लहर भले ही थम रही है लेकिन सभी को सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका भी जताई जा रही है। ये कोई नहीं जानता कि वायरस कब अपना रूप बदल ले, ये पूर्वानुमान नहीं लगाया जा सकता, लेकिन दुनिया के कई ऐसे देश हैं जहां न तो दूसरी लहर आई और न चौथी लहर आई। अगर हम सावधान रहें तो यह कंट्रोल में रह सकता है। हमें मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने औऱ वैक्सीन लगवाने का प्राथमिकता देनी होगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post