ब्रिटेन में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के नए मामले, चीन के ग्वांगझोऊ शहर में सख्त हुई पाबंदियां


कोरोना महामारी की दो लहरों का सामना कर चुके ब्रिटेन में फिर इस खतरनाक वायरस का कहर बढ़ रहा है। दैनिक मामलों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। देशभर में रविवार को 5,341 नए मामले पाए गए। यह लगातार चौथा दिन रहा, जब पांच हजार से अधिक नए संक्रमित मिले। यहां कोरोना के डेल्टा वैरिएंट का भी कहर बढ़ गया है। ब्रिटेन में शनिवार को 5,765 मामले मिले थे। शुक्रवार को 6,238 पाजिटिव केस की पुष्टि हुई थी।

डेल्टा वैरिएंट के मामले बढ़े

ब्रिटेन में गुरुवार को 5,274 पीड़ि‍त पाए गए थे। इस यूरोपीय देश में अब तक कुल 45 लाख 16 हजार 892 मामले मिले हैं और एक लाख 27 हजार 840 संक्रमितों की मौत हुई है। ब्रिटेन में डेल्टा वैरिएंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां इस वैरिएंट के अब तक कुल 12 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। इससे पहले रविवार को ब्रिटिश स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने कहा कि सबसे पहले भारत में मिला यह वैरिएंट करीब 40 फीसद ज्यादा संक्रामक है।

एक नजर इन देशों पर

पाकिस्तान : नए केसों में कमी आने पर पंजाब समेत कई प्रांतों में शिक्षण संस्थानों को सोमवार से खोल दिया गया। 24 घंटे में 1,490 मामले मिले।

ताइवान : संक्रमण की रोकथाम के लिए पाबंदियों को 28 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। स्कूल भी बंद रहेंगे। यहां 24 घंटे में 211 नए केस पाए गए।

चिली : देशभर में 7,768 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 14 लाख 27 हजार से अधिक हो गई। करीब 30 हजार मौत हुई है।

चीनी शहर में सख्त हुई पाबंदियां

दक्षिण चीन के ग्वांगझोऊ शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर पाबंदियां सख्त कर दी गई हैं। लोगों के शहर से बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। अगर किसी को शहर से बाहर जाने की अनुमति मिलती है तो उसे निगेटिव टेस्ट दिखाना होगा। शहर में गत 21 मई से अब तक 100 से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए शहर के कुछ इलाकों में लाकडाउन भी लगाया गया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post