बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार मौैका मिलते ही ईरान से कच्चे तेल का आयात शुरू कर देगी। पेट्रोलियम मंत्रालय इसकी तैयारी कर रहा है। ईरान से कच्चे तेल के आयात से भारत को बढ़ती महंगाई को काबू करने में मदद मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक ईरान पर लगे प्रतिबंध में ढील मिलते ही भारत वहां से कच्चे तेल का आयात शुरू कर देगा।
वर्ष 2019 के मध्य से भारत ने ईरान से तेल का आयात नहीं किया है।मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक ईरान से आयातित कच्चे तेल की कीमत और लागत ओपेक देशों के मुकाबले कम होगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से भारत में फरवरी और मार्च में पेट्रोल व डीजल के दाम लगातार बढ़े। डीजल के दाम बढ़ने से जरूरी सामान की ढुलाई लागत काफी बढ़ गई जिससे खुदरा महंगाई दर चार फीसद से पार चली गई। ईरान पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध में ढील देने के संबंध में वियना में बैठक होने जा रही है।
मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक पेट्रोलियम कंपनियां ईरान से तेल आयात की शुरुआती तैयारी में जुट गई हैं। ईरान पर लगे प्रतिबंध में ढील मिलते ही पेट्रोलियम कंपनियां आयात करार की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं।