ढाई लाख लोगों को अस्थाई राशन कार्ड देगा नगर निगम


युवा शक्ति  टीम 
-
कोलकाता: जानलेवा करोना महामारी के बीच लॉकडाउन के कारण फंसे ढाई लाख लोगों को कोलकाता नगर निगम अस्थाई राशन कार्ड देगा। यह जानकारी कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने मंगलवार को दी। दरअसल एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह घोषणा की थी कि अभी भी राज्य में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें नया राशन कार्ड नहीं मिला है। ऐसे लोगों को अस्थाई राशन कार्ड के जरिए राज्य सरकार द्वारा घोषित मुफ्त राशन दिया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को फिरहाद हकीम ने खाद्य भवन में राज्य के खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने यह घोषणा की है। 

मेयर ने बताया कि लॉकडाउन के कारण डिजिटल राशन कार्ड तैयार करने और वितरण की प्रक्रिया स्थगित की गई है। इसलिए बड़ी संख्या में राशन कार्ड पोस्टल डिपार्टमेंट में पड़े हुए हैं। इसके कारण कई लोग ऐसे हैं जो राशन नहीं उठा पाएंगे। इसलिए उन्हें 10 अप्रैल के भीतर अस्थाई राशन कार्ड अर्थात कूपन तैयार कर दिया जाएगा। खाद्य विभाग के पास ऐसे लोगों की सूची है जिन्हें अभी तक नए राशन कार्ड नहीं मिला। उन लोगों की सूची कोलकाता नगर निगम लेगा और उसके हिसाब से कूपन तैयार कर देगा। इसके जरिए राज्य सरकार द्वारा घोषित राशन लोग ले सकेंगे। 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि छह महीने तक लोगों को मुफ्त में राशन दिया जाएगा।
Previous Post Next Post