कोलकाताः तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय को कमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर 27 अगस्त को हुए विवाद के मामले में कोलकाता पुलिस ने फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। शनिवार को शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस टीम सुमित राय के आवास पर पहुंची और उन्हें नया नोटिस सौंपा। उन्हें 7 सितंबर को दोपहर 12 बजे शेक्सपियर सरणी थाने में उपस्थित होने को कहा गया है।
यह दूसरी बार है जब सुमित राय से इस मामले में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले 2 सितंबर को वह शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे थे, जहां उनसे लंबे समय तक पूछताछ की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस बार उनसे नगर निगम अधिकारी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के संबंध में पूछताछ होगी।
कमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के बाहर अवैध होर्डिंग हटाने को लेकर 27 अगस्त को तनाव पैदा हुआ था। कोलकाता नगर निगम के कर्मचारी पुलिस के साथ होर्डिंग हटाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। मौके पर अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें एक थाने के अधिकारी की शिकायत पर, दूसरी पड़ोसी पार्क स्ट्रीट थाने के अधिकारी की शिकायत पर और तीसरी कोलकाता नगर निगम के अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुई है। दो प्राथमिकी में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और बैश्वानर चटर्जी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इससे पहले इसी सप्ताह अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन से भी कैमक स्ट्रीट कार्यालय से जुड़े विवाद को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में पूछताछ की जा चुकी है।
सुमित राय को दोबारा नोटिस दिए जाने का घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब पश्चिम बंगाल अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने एक दिन पहले कैमक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया था। विभाग ने परिसर में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात कहते हुए इमारत की सातवीं और आठवीं मंजिल खाली कराने का आदेश दिया था।

Post a Comment