कोलकाता: दक्षिण बंगाल में मानसून के आधिकारिक प्रवेश के बावजूद बारिश का इंतजार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर दक्षिण बंगाल में मानसून पहुंचा था, इसके बाद कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई। अगले कुछ दिनों तक दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा है। सोमवार को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना कम है। हवा में नमी 91 प्रतिशत से अधिक रहने के कारण उमस बढ़ेगी।
दक्षिण बंगाल में सोमवार को बीरभूम जिला, मुर्शिदाबाद जिला, नदिया जिला तथा पूर्व और पश्चिम बर्धमान जिला में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
दूसरी ओर उत्तर बंगाल के जिलों में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मंगलवार तक अलीपुरद्वार जिला और जलपाईगुड़ी जिला में गरज-चमक के साथ अति भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दार्जिलिंग जिला, कालिम्पोंग जिला, कूचबिहार जिला, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में गुरुवार तक कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम की इस असमान स्थिति के कारण एक ओर उत्तर बंगाल में भारी वर्षा जारी है, जबकि दक्षिण बंगाल के लोग गर्मी और उमस से परेशान बने हुए हैं।

Post a Comment