ममता बनर्जी का आरोप : 90 लाख नाम हटे, 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम


कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच ममता बनर्जी ने शुक्रवार को स्वरूपनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खबरों में सामने आया है कि करीब 90 लाख लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिनमें से लगभग 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम हैं।

तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार बीणा मंडल के समर्थन में आयोजित इस रैली में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी इस दावे की सत्यता की जांच ब्लॉक स्तर पर करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी जांच के बाद ही पार्टी आधिकारिक रूप से इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करेगी।

सभा के दौरान ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि अन्य राज्यों से लोगों को पश्चिम बंगाल में लाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में असम में मतदान के लिए उत्तर प्रदेश से लगभग 50 हजार लोगों को ट्रेन से ले जाया गया। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की सभी एजेंसियां सत्तारूढ़ पार्टी के प्रभाव में काम कर रही हैं।

स्वरूपनगर के तेंतुलिया हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस रैली को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post