कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने र कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली है। राज्य के गृह एवं पर्वतीय कार्य विभाग की ओर से सोमवार देर रात को जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गई।
अधिसूचना के अनुसार, कार्य विभाजन में संशोधन के तहत मुख्यमंत्री ने कानून विभाग का प्रभार अपने पास रख लिया है। इससे पहले यह विभाग मंत्री मलय घटक के पास था। अब घटक के पास केवल श्रम विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। मलय घटक अब तक श्रम और कानून दोनों विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के नेता बाबुल सुप्रियो के हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद वह राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में कार्य नहीं करेंगे। उनके पद छोड़ने के बाद सूचना प्रौद्योगिकी, औद्योगिक पुनर्गठन और लोक उद्यम विभाग फिलहाल रिक्त हो गए हैं।
राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि इन विभागों का प्रभार अस्थायी रूप से मुख्यमंत्री के पास रहेगा, जब तक कि इनका नया आवंटन नहीं किया जाता। अधिकारी के अनुसार, इन विभागों के पुनः आवंटन को लेकर राज्य सरकार जल्द ही औपचारिक निर्णय की घोषणा कर सकती है।

Post a Comment