केंद्रीय बजट से झारखंड को मिलेगी विकास की नई रफ्तार : राजीव प्रताप रूडी


रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद राजीव प्रताप रूडी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को आत्मनिर्भर और विकसित भारत को सशक्त आधार प्रदान करने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से झारखंड को विकास की नई गति मिलेगी। वे रविवार को रांची स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे

राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि इस बजट में झारखंड के लिए कर हस्तांतरण और अनुदान में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य को 51,236 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण प्रस्तावित है, जबकि वर्ष 2014 से अब तक झारखंड को कुल 3.14 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर हस्तांतरण मिल चुका है। इसके अतिरिक्त, 2014-26 के दौरान अनुदान के रूप में 1.04 लाख करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं, जो सहकारी संघवाद की नीति का स्पष्ट प्रमाण है।

सांसद रूडी ने बताया कि 2020-21 से जनवरी 2026 तक झारखंड को 50 वर्षों की ब्याज-मुक्त विशेष पूंजीगत सहायता योजना के तहत कुल 11,567 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे राज्य में सड़क, सिंचाई, शहरी अवसंरचना और औद्योगिक परियोजनाओं को गति मिली है।

रेलवे क्षेत्र में हुए सुधारों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड अब 100 प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण वाला राज्य बन चुका है। रेलवे बजट आवंटन 2009-14 के औसत 457 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 7,302 करोड़ रुपये हो गया है। राज्य में 57 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा रांची-पटना, रांची-वाराणसी सहित 7 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि देवघर एम्स, नए मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना और जनजातीय योजनाओं को भी गति मिली है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

सांसद रूडी ने बताया कि देवघर और जमशेदपुर में नए हवाई अड्डों की शुरुआत, वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, 3,600 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और 30,000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं झारखंड की आर्थिक तस्वीर बदल रही हैं।

जनजातीय कल्याण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, पीएम-जनमन योजना और बहु-क्षेत्रीय परियोजनाओं के माध्यम से आदिवासी इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

अंत में राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बजट 2026-27 झारखंड को केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि अवसर, सम्मान और दीर्घकालिक विकास की दिशा देता है और राज्य को विकसित भारत की यात्रा का सशक्त भागीदार बनाता है। प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक जेपी शर्मा और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post